क्या बाबिल मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं?

कुछ ही वर्ष पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या ने बॉलीवुड के उस अंधेरे पक्ष को उजागर किया, जिसे अक्सर नज़रअंदाज़ किया जाता है यानी मानसिक स्वास्थ्य की चुनौतियां.

उस एक घटना ने इस इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे छिपे दबाव और डिप्रेशन के मुद्दे को चर्चा में ला दिया था.

हालांकि, सुशांत की मौत पर मीडिया की बेकाबू और असंवेदनशील कवरेज़ ने खुद कई सवाल खड़े कर दिए थे. अब, उसी रोशनी में जब बाबिल ख़ान कैमरे के सामने बिलखते हैं, तो यह सिर्फ़ भावुक नहीं बल्कि डरावना लगता है.

मुंबई में जन्मे 26 वर्षीय बाबिल अपने पिता अभिनेता इरफ़ान और स्क्रीन राइटर मां सुतपा सिकदर के चलते बचपन से ही फिल्म इंडस्ट्री की हक़ीक़त और यहां होने वाले कठिन संघर्ष के गवाह रहे हैं.

वो लंदन की वेस्टमिंस्टर यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन करने गए थे. उसी समय साल 2020 में इरफ़ान की कैंसर से असमय मौत हुई. इस सदमे ने बाबिल को भीतर से तोड़ दिया था. मगर दर्द से बाहर निकलते हुए, बाबिल ने तय किया कि अब वो भी अपने पिता की तरह अभिनेता बनेंगे.

उन्हें जल्द ही पहला मौक़ा मिला साल 2022 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई फ़िल्म ‘कला’ में. इस फ़िल्म में बाबिल ने एक संवेदनशील गायक की भूमिका निभाई .

उनके स्वाभाविक अभिनय और ख़ामोश गहराई ने दर्शकों को इरफ़ान की याद दिला दी. शायद यही वजह थी कि मीडिया और दर्शकों ने उन्हें खुलकर सराहा.

शायद उनके पिता इरफ़ान के लिए प्यार और सहानुभूति थी जिसकी वजह से मीडिया ने भी बाबिल को हाथों हाथ लिया. अपने इंटरव्यू में बाबिल लगातार इरफ़ान को याद करते रहे, खुलकर कहते रहे- “मैं जो कुछ भी हूं, उन्हीं की वजह से हूं.”

साल 2023 में वो अभिनेत्री जूही चावला के साथ फ़िल्म ‘फ्राइडे नाइट प्लान’ में नज़र आए. इसी साल यशराज फ़िल्म्स की चर्चित वेब सीरीज़ ‘द रेलवे मैन’ में भी बाबिल की अहम भूमिका थी.

भोपाल गैस त्रासदी पर बनी इस सीरीज़ में, केके मेनन और आर माधवन जैसे दिग्गजों के बीच भी बाबिल अपनी असरदार मौजूदगी दर्ज करवा गए.

आइफ़ा अवॉर्ड्स (साल 2023) में बाबिल को ‘स्टार डेब्यू ऑफ़ द इयर’ के अवॉर्ड से भी नवाज़ा गया.

शूजित सरकार जैसे निर्देशकों ने उन्हें अपनी आगामी फ़िल्मों के लिए साइन किया. पिछले महीने की ज़ी फ़ाइव पर उनकी मुख्य भमिका वाली थ्रिलर फिल्म लॉगआउट रिलीज़ हुई, जिसमें उनके अभिनय की तारीफ़ हो रही है.

लेकिन इस उम्मीद भरे आगाज़ के बावजूद, बाबिल अभिनय से अलग, अपनी निजी उलझनों और बेचैनियों की वजह से भी ख़ूब चर्चा में रहे.

Leave a Comment